महिला एवं बाल विकास विभाग की तरफ से चलाया जाएगा अभियान
विद्यार्थियों में होने वाले रोगों के बारे में लगाया जाएगा पता
उपचार के लिए शुरू की जाएगी प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिए पोषण माह के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। इस अभियान के लिए कितनी टीमें जिलाभर में कार्य करेंगी, इनका गठन भी जल्द कर दिया जाएगा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग का भी साथ लिया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर अभिभावकों व स्टाफ सदस्यों को भी जागरूक किया जाएगा। नौनिहालों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान के लिए विभाग ही तरफ से समय-समय पर विशेष अभियानों का संचालन किया जाता है। इस कड़ी में आगामी दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंच कर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच होगी। बच्चों में पाई जाने वाली जन्मजात विकृतियों, पोषक तत्वों से होने वाली कमी, रोग, बच्चों के विकास में होने वाली देरी सहित स्वास्थ्य से संबंधित अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच के बाद जरूरत होने पर बच्चे को आगामी उपचार के लिए रेफर करने का भी प्रावधान रहेगा। अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। हर विद्यार्थी की जांच स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान के तहत अगर किसी बच्चे में स्वास्थ्य संबंधी किसी प्रकार की दिक्कत पाई जाती है तो उसे दूर करने में विभाग मदद करता है। अगर ऑपरेशन की जरूरत है तो पीड़ित के इलाज के लिए आर्थिक मदद भी विभाग देता है।
कोट्स
आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य जांच के लिए आगामी समय में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने रूपरेखा तैयार कर ली है। जल्द ही इस अभियान को धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।
नरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास ऊना