संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब में वसंत पंचमी पारंपरिक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर स्थित मंदिर में विद्या की अधिष्ठात्री देवी सरस्वती के पूजन के लिए विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और विद्यार्थियों ने आहुतियां डालकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक सफलता के लिए प्रार्थना की।
प्रधानाचार्य विनोद वनयाल ने इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान के प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि इस उत्सव का उद्देश्य छात्रों को अपनी संस्कृति से जोड़ना और उन्हें शिक्षा में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करना है। यज्ञ के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों और स्टाफ ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में अधीक्षक शिव कुमार, प्रवक्ता राकेश कुमार, बनवारी लाल, अश्विन शर्मा, अमरजीत, मैडम सुमना, सतीश कुमारी, गुलजारी लाल और हरभजन सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।