दूसरी बस में सीट न मिलने से परेशान हो रहे यात्री
लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी, नई व्यवस्था से यात्रियों की बढ़ी दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। हमीरपुर से वाया धनेटा–पिपलू–बंगाणा–ऊना दिल्ली जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस हाल ही में ऊना बस स्टैंड पर रोक दी जाती है। यात्रियों को ऊना में उतारकर दूसरी बस में दिल्ली भेजा जा रहा है। यह बस वर्ष 1994-95 से निरंतर सेवा प्रदान कर रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नई व्यवस्था से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। पीछे से आने वाली बस में सीटें खाली न होने के कारण वृद्ध यात्रियों और छोटे बच्चों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। यहां तक कि ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी सीट नहीं मिल रही, जिससे झगड़े और गाली-गलौज जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
यात्रियों ने यह भी बताया कि दूसरी बस की डिग्गी पहले से भरी रहती है, जिससे उनका सामान सीटों के अंदर रखना पड़ता है और यात्रा और कठिन हो जाती है।
ग्राम पंचायत पिपलू के प्रधान महेंद्र सिंह ने सभी ग्रामवासियों के समर्थन से मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर मांग की है कि हमीरपुर–दिल्ली बस सेवा को पुनः सीधे दिल्ली तक चलाया जाए।
ग्रामवासियों में सुरेंद्र कुमार, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, दिलबाग, रमन और अन्य ने चेतावनी दी है कि यदि बस सेवा को पुराने रूट पर बहाल नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।