ऊना। एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। क्षेत्रीय अस्पताल में इन्फ्लूएंजा को लेकर छह बेड का एक विशेष वार्ड स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, जिले में इन्फ्लूएंजा का कोई मामला अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन विभाग एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर एहतियातन कदम उठा रहा है। विभाग ने इस संबंध में जिले के खंड स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ भी बैठक भी की है। इसके अलावा वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के नागरिक अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रोंं के प्रमुखों को भी एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।
बता दें कि एच3एन2 इन्फ्लूएंजा के लक्षण वायरल फीवर से काफी मिलते जुलते हैं, ऐसे में आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है। इन दिनों वायरल से पीड़ित काफी मरीज क्षेत्रीय अस्पताल के अलावा जिले के अन्य अस्पतालों में भी पहुंच रहे हैं। विभाग कुछ दिन पूर्व ही एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर एडवाइजरी भी जारी कर चुका है। अगर भविष्य में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा के मामले सामने आतेे हैं तो इसके लिए क्षेत्रीय अस्पताल में अलग से छह बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार करनेे का कार्य शुरू कर दिया है ताकि समय रहते मरीजों को उपचार दिया जा सके।
हाई फ्लो ऑक्सीजन की मिलेगी सुविधा
एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर तैयार होने वाले आइसोलेशन वार्ड में मरीजों को हाई फ्लो ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। विभाग ने इसके लिए कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा वार्ड में विशेष रूप से स्टाफ भी तैनात रहेगा ताकि मरीजों को कोई परेशानी न हो।
क्षेत्रीय अस्पताल में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा को लेकर आइसोलेशन वार्ड स्थापित किया जाएगा। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि, जिले में एच3एन2 इन्फ्लूएंजा का कोई मामला अभी तक आया नहीं है। लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लोग स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें।
डॉ. रमन शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना