अस्पताल प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों को भेजा प्रस्ताव
विशेषज्ञ की तैनाती होने से जिलेभर के लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में विशेषज्ञों की तैनाती के लिए प्रबंधन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रबंधन की तरफ से विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में मिलना शुरू हो जाएगी।
आयुष विभाग की तरफ से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में बीते दिनों दो चिकित्सकों को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में डेपुटेशन पर तैनात किया गया है। इससे अब अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या चार हो गई है। इसके बाद अब अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं ताकि स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के चलते महिला रोगियों को इसका लाभ मिल सके। वर्तमान में जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में कोई भी स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं हैं। इससे मरीजों को अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए अब प्रबंधन ने उच्च अधिकारियों से स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती को लेकर मांग उठाई है। अगर आगामी दिनों में अस्पताल में उक्त विशेषज्ञ की तैनाती होती है तो अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या पांच हो जाएगी। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया का लाभ मिलेगा।
कोट्स
अस्पताल में विशेषज्ञों की तैनाती के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग उठाई है। उम्मीद है कि अस्पताल में जल्द ही विशेषज्ञ की तैनाती होगी।
डॉ. विनय जसवाल, प्रभारी, जिला आयुर्वेदिक अस्पताल ऊना