बड़ूही (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के तहत बड़ूही-चौकीमन्यार सड़क पर बिखरी बजरी हादसों को न्योता दे रही है। सड़क पर बिखरी बजरी के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के स्किड होने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग से गुजरने वाले टिपरों, टॉलियों के कारण यह समस्या पेश आ रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऑवरलोड वाहनों और उनकी तेज रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।
जानकारी के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़े टिपर और ट्रॉलियां ओवरलोड बजरी लेकर तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे बजरी सड़क पर गिर जाती है।
सड़क के कई हिस्सों में बजरी बिखरी रहने से विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के संतुलन बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन के स्किड होने और गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
मार्ग से गुजरने वाले मनीष कुमार, गणेश कुमार, नरिंद्र शर्मा, इकवाल सिंह सहित अन्य का कहना है कि सड़क पर फैली बजरी के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालक स्किड हो चुके हैं।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल जोल के अधिशासी अभियंता भानु ओहरी ने कहा कि मामला विभाग के ध्यान में आया है। जल्द ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सड़क पर बिखरी बजरी को हटा दिया जाएगा।
वहीं डीएसपी ऊना अजय ठाकुर ने कहा कि ओवरलोड बजरी और रेत लेकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर सख्ती कार्रवाई की जाएगी।