हिमाचल पेशनर्ज सघं ऊना में बैइक के दौरान।संवाद
हिम-आंचल पेंशनर्स संघ ने दिवंगत साथियों को दी श्रद्धांजलि
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिम-आंचल पेंशनर्स संघ खंड ऊना की सभा मंगलवार को खंड प्रधान रोशन लाल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें जिला संघ प्रधान राम कुमार मक्खन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि मंच संचालन शिव कुमार धीमान ने किया। सभा की शुरुआत में दिवंगत रमेश भारद्वाज (संघ के प्रदेश संरक्षक, निवासी बडलाला), धर्म सिंह ठाकुर (निवासी लमलैहड़ी) और कपिल देव पटवारी (निवासी लोअर बढेड़ा) को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय रमेश भारद्वाज के संघ के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।
खंड प्रधान रोशन लाल चौधरी ने बताया कि रमेश भारद्वाज ने संघ को गैर-राजनीतिक रखते हुए भी पेंशनरों को कई उपलब्धियां दिलाईं। उन्होंने बताया कि 65 वर्ष की आयु पर धूमल सरकार से पेंशनरों को मूल वेतन पर 5 प्रतिशत, वीरभद्र सरकार से 70 और 75 वर्ष की आयु पर क्रमशः 10 और 15 प्रतिशत लाभ दिलवाया। सभा में उपस्थित वक्ताओं ने सरकार से मांग उठाई कि पेंशनरों को 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत भत्ते को मूल वेतन में जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का पेंशनरों के प्रति उदासीन रवैया उचित नहीं है। इसके साथ ही फिक्स चिकित्सा भत्ता 400 रुपये प्रति माह को बढ़ाकर 1000 रुपये किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनवरी 2016 से 2022 तक सेवानिवृत्त पेंशनरों को बकाया लीव इन कैशमेंट, ग्रेच्युटी आदि का भुगतान रोकने से पेंशनर परेशान हैं। दो वर्षों से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से शीघ्र समाधान की अपील की, अन्यथा संघर्ष का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी।