ऊना। सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से माफिया के नियंत्रण में आ चुकी है। उन्होंने नशा माफिया से लेकर वन माफिया तक का जिक्र करते हुए कहा कि सभी प्रकार के माफिया राज्य में सक्रिय हैं और प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है।
विधायक ने एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि एक रात में डेढ़ दर्जन से ज्यादा गाड़ियों में अवैध लकड़ी की तस्करी का प्रयास किया गया, लेकिन राज्य सरकार और खुफिया तंत्र को इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था इतनी बिगड़ चुकी है कि खनन माफिया अवैध खनन कर रहा है और पुलिस मात्र सड़कों पर वाहनों के चालान कर रही है।
सत्ती ने आरोप भी लगाया कि कांग्रेस के पदाधिकारी अवैध खनन में संलिप्त हैं, जिससे पुलिस रातभर पंजाब के लिए रेत और बजरी ले जाने वाले टिपरों पर कार्रवाई करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि खनन माफिया के खिलाफ केवल ट्रैक्टर चालकों के चालान करके जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। संवाद