ऊना में बैठक के बाद स्कूल शिक्षक संघ के सदस्य।संवाद
स्कूल प्रवक्ता संघ की आम सभा बीआरसी दफ्तर ऊना में संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना की आम सभा बीआरसी दफ्तर ऊना में संपन्न हुई। मीटिंग देवेंद्र कुमार बेली अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें संजीव पराशर पूर्व अध्यक्ष और मेंटर संघ ऊना विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मीटिंग में विभिन्न मुद्दों पर प्रवक्ताओं ने अपने विचार रखे। महासचिव शशिपाल सैनी ने कहा कि पे कमीशन के एरियर की देय राशि और डीए को सरकार से सौहार्दपूर्ण संवाद स्थापित करके जल्द से जल्द प्राप्त किया जाएगा व सरकार से मांग की कॉन्ट्रैक्ट अवधि को नियमित सेवा काल में जोड़कर सभी वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं और भविष्य में सभी प्रकार की नियुक्तियां नियमित रूप में हों। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता को उनके अनुपात के हिसाब से 90:10 के अनुपात से पदोन्नति दी जाए और यदि प्रवक्ता को निश्चित अवधि के बाद भी पदोन्नति प्राप्त नहीं होती तो प्रवक्ता को टाइम स्केल के आधार पर वित्तीय लाभ के रूप में इंक्रीमेंट दी जाए। राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष विकास रत्न ने कहा कि जिला ऊना में निर्वाचन के दौरान निलंबित हुए अध्यापकों को जल्द से जल्द निलंबन रद्द करके स्कूल भेजा जाए, जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। राज्य उपाध्यक्ष वरुण लखनपाल ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से केंद्र सरकार से सभी साथियों का एनपीएस में अंशदान जो बकाया है, उसे प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश मल्होत्रा ने सरकार से मांग की जितने भी नॉन बीएड प्रवक्ता हैं, उनको जल्द से जल्द नियमितीकरण का उपहार प्रदान किया जाए।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर प्रांतीय सचिव राजन शर्मा विकास रतन वरुण लखनपाल सुनील कुमार राकेश मल्होत्रा शशिपाल सैनी संजीव कुमार रूपेश रमन नीरज सौंध राकेश कुमार अशोक कुमार हांडा राजीव शर्मा विपिन कुमार रामकुमार विक्रम दास संदीप सैनी अश्विनी कुमार गुरमीत सिंह अश्विनी कुमार मुकेश कुमार रवि राणा इत्यादि उपस्थित थे।