दौलतपुर चौक (ऊना)। हिम आंचल पेंशनर्स संघ, गगरेट इकाई की मासिक बैठक वीरवार को दौलतपुर चौक में ब्लॉक प्रधान रामपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में पेंशनरों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश सरकार से लंबित महंगाई भत्ता (डीए) एरियर और बकाया किश्तों का बिना किसी विलंब के भुगतान करने की जोरदार मांग उठाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव में कहा गया कि पेंशनरों का डीए एरियर और अन्य वित्तीय देयक लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं हो सका है, जिससे हजारों पेंशनरों में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद अधिकांश पेंशनर अपनी मासिक पेंशन पर ही निर्भर हैं। ऐसे में वैधानिक देयकों के भुगतान में हो रही देरी उनके लिए आर्थिक परेशानियां खड़ी कर रही है।
ब्लॉक प्रधान रामपाल शर्मा ने कहा कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से प्रदेश की सेवा की है इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मिलने वाले वित्तीय लाभ समय पर मिलना उनका अधिकार है, न कि किसी प्रकार की राहत।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों के लंबित डीए एरियर, बकाया किश्तों तथा अन्य मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पेंशनरों की समस्याओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संघ आगामी रणनीति तय करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में सतदेव पराशर, हरबंस लाल, तरसेम सिंह, पिरथी चंद, ओम प्रकाश शर्मा, कैलाश कुमार, सतदेव कंवर, टेक प्रसाद कंवर, केवल दास, सरवन कुमार, तिलक राज, सुरेंद्र सिंह, सुभाष चंद तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।