चिंतपूर्णी मंदिर में बेटी व होने वाले दामाद के साथमाथा टेकते उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
आतिथ्य और सेवा क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर : मुकेश
उपमुख्यमंत्री ने किया चिंतपूर्णी हिल्स में ''1971 कैफे एवं रेस्टोरेंट का शुभारंभ
मंदिर ट्रस्ट की संपत्ति पर आउटसोर्सिंग मॉडल के तहत होगा संचालन
250 करोड़ से बनेगा माता श्री चिंतपूर्णी का भव्य भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को नए आयाम देने और आतिथ्य एवं सेवा क्षेत्र में युवाओं के लिए स्वरोज़गार के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। शनिवार को मुबारिकपुर स्थित चिंतपूर्णी हिल्स में नव-स्थापित ‘1971 कैफे एवं रेस्टोरेंट’ का शुभारंभ करते हुए उन्होंने यह विश्वास जताया कि यह पहल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए स्थानीय उद्यमशीलता और रोजगार को बढ़ावा देगी। यह कैफे माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट की संपत्ति पर आउटसोर्सिंग मॉडल के तहत संचालित होगा। उद्घाटन अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र शर्मा, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, कैफे संचालक दक्ष नेगी व लक्ष्य वैद्य सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे। उपमुख्यमंत्री ने प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कैफे अपनी उत्कृष्ट सेवाओं से श्रद्धालुओं को सुखद अनुभव प्रदान करेगा।
मंदिर में पूजा-अर्चना और विकास कार्यों का जायजा लिया
कैफे के उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री ने चिंतपूर्णी मंदिर में माता रानी की पावन पिंडी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उनकी पुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री भी उपस्थित रहीं। मंदिर ट्रस्ट के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम सचिन शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मंदिर के विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के भव्य भवन के निर्माण पर 250 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा प्रसाद योजना के अंतर्गत मंदिर के लिए 56.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।