अंब (ऊना)। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत पीएम श्री आदर्श महाविद्यालय अंब में शनिवार को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। विद्यार्थियों ने स्वच्छता का संदेश देने वाले विभिन्न आकर्षक पोस्टर बनाकर स्वच्छ भारत का संकल्प दोहराया। प्रतियोगिता में लगभग 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के संयोजक गुलजारी लाल और हरभजन सिंह ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में विद्यालय में भूकंप अवरोधी भवन निर्माण से संबंधित मॉडल प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें कक्षा दसवीं तथा जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिसमें सीनियर सेकेंडरी वर्ग में पीएम श्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब ने प्रथम और पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुबारिकपुर ने द्वितीय, दसवीं कक्षा वर्ग में अंब विद्यालय ने प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय कुठेडा खेरला ने द्वितीय, कटौहड़ खुर्द विद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उप प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।