ऊना। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के घरवासड़ा से रायपुर मैदान के लिए पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशने के लिए पांच पायलटों की टीम ने रैकी की। तकनीकी टीम ने सभी पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने उड़ान भरने के लिए घरवासड़ा को उपयुक्त स्थान बताया। बुधवार को उड़ान भरने की कोशिश की गई, लेकिन हवा ने साथ नहीं दिया और इसलिए उड़ान नहीं हो पाई।
पायलटों संग तकनीकी टीम ने सुबह 9 से लेकर दोपहर दो बजे तक घरवासड़ा में मंदिर के सामने तथा उसके आस-पास एक-दो अन्य स्थानों पर उड़ान भरने के लिए स्थानों का निरीक्षण किया। साथ ही पैराग्लाइडर के उतारने के लिए गरीबनाथ मंदिर के पास की जगह के बारे में भी चर्चा की। इस संबंध में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने कहा कि उड़ान के बाद टेक ऑफ साइट और लैंडिंग साइट की अधिसूचना जारी की जाएगी।
इससे यहां पर पर्यटन की दृष्टि से पैराग्लाइडिंग का खेल आरंभ हो पाएगा। अटल विहारी वाजपेयी पर्वतारोहण और संबंधी खेल संस्थान मनाली के अतिरिक्त निदेशक सुरिंदर ठाकुर ने कहा कि कांगड़ा से विभाग का एक पैरा ग्लाइडिंग प्रशिक्षक को बुलाया गया है। वह देर शाम तक पहुंचेगा। वीरवार को प्रात: 7 बजे पायलट उड़ान भरेंगे। उन्होंने कहा कि जगह पैरा ग्लाइडिंग के लिए उपयुक्त पाई गई है। पायलटों ने हवा का रुख भी देखा है। यह पाया कि सुबह के समय यहां से उड़ान भरी जा सकती है।
ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि घरवासड़ा के साथ सोलहसिंगी धार से भी पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इससे कुटलैहड़ में पर्यटकों की संख्या बढ़ सके, जिससे स्थानीय निवासियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर सहायक पर्यटन विकास अधिकारी रवि धीमान, नायब तहसीलदार डीपी नेगी, सीनियर पैरा ग्लाइडिंग इंस्ट्रक्टर अनुजा अवस्थी सहित तकनीकी टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।