डर के साए में जीने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीण बोले बारिश जारी रही, तो गांव होंगे प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की टकारला पंचायत से सटी गारनी खड्ड ने बुधवार को विकराल रूप ले लिया। तेज बहाव से गांव शिव नगर बड़ूही की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग का तटीकरण पूरी तरह बह गया, जिससे गांव व सड़क पर खतरा मंडरा गया है। लगभग एक हजार की आबादी वाला यह क्षेत्र अब लगातार भय के साए में है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दोबारा बारिश हुई तो पानी सीधे गांव में घुस सकता है।
ग्राम पंचायत प्रधान ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि अस्थायी सुरक्षा कार्य न किए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने भी खड्ड किनारे तुरंत नया तटीकरण बनाने की गुहार लगाई है।
तहसीलदार अंब नरेश पटियाल ने बताया कि प्रशासन सक्रिय हो गया है। पटवारी और कानूनगो को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अस्थायी सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू होंगे और गांव व सड़क को सुरक्षित करने के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई तेज की जाएगी।