थानाकलां (ऊना)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायपुर मैदान में अक्षय ऊर्जा दिवस पर बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पारंपरिक ऊर्जा स्रोत धीरे-धीरे समाप्त हो रहे हैं और प्रदूषण भी फैला रहे हैं। ऐसे में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और जल ऊर्जा ही सुरक्षित भविष्य की सच्ची दिशा हैं। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अक्षय ऊर्जा (सौर, पवन और जल ऊर्जा) को अपनाएंगे और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की ओर से जागरुकता रैली भी निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोगों को अक्षय ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया गया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने भी विद्यार्थियों को अक्षय ऊर्जा के महत्व और इसके विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम में सुरेंद्र कुमार, सुरेंद्र शर्मा, प्रमोद शर्मा, मदन लाल, विकास बंगा, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार, संजीव कुमार, ओम प्रकाश, दीक्षित, सारिका, सोनिया, श्वेता, शिल्पा एवं वीना सहित स्कूल के सभी शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।