फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मई माह में नए भवन में शिफ्ट होगा गगरेट अस्पताल

Sun, 29 Mar 2026 01:01 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
ऊना। नागरिक अस्पताल गगरेट के नए भवन में मई माह से स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उपमंडल गगरेट के लोगों के लिए लंबे समय से इंतजार का विषय बना सरकारी अस्पताल अब जल्द ही नए भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को मई माह में नए भवन में स्थानांतरित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्माणाधीन भवन का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार नए अस्पताल भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। वर्तमान में पुराने भवन में सीमित संसाधनों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हो रही हैं जिससे मरीजों और स्टाफ दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नए भवन में शिफ्टिंग के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
नए भवन में ओपीडी ब्लॉक, आपातकाल सेवाएं, पुरुष एवं महिला वार्ड, प्रसूति कक्ष, लैब, दवा वितरण केंद्र सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विज्ञापन

अस्पताल में बेड क्षमता बढ़ने से अधिक मरीजों का उपचार संभव हो सकेगा। साथ ही आधुनिक मशीनों और उपकरणों की स्थापना से जांच और उपचार की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
गगरेट और आसपास के क्षेत्रों के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गगरेट अस्पताल पर ही निर्भर हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शेष कार्यों में फिनिशिंग, उपकरणों की स्थापना और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं शामिल हैं, जिन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।
इसके लिए चरणबद्ध योजना बनाई जा रही है ताकि अस्पताल सेवाओं पर किसी प्रकार का असर न पड़े और मरीजों को निरंतर उपचार मिलता रहे। गौरतलब है कि नए अस्पताल भवन के शुरू होने से न केवल गगरेट बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
विज्ञापन



गगरेट अस्पताल के नए भवन का शेष बचा कार्य तेजी से चल रहा है। मई माह तक नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। इसे लेकर कार्य चला हुआ है।
-डॉ. पंकज पराशर, खंड चिकित्सा अधिकारी गगरेट
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें