पुलिस ने टाहलीवाल बाजार में पतंजलि की डीलरशिप लेने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी के आरोप में बिहार से एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दो आरोपियों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से ठगी मामले को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार टाहलीवाल के मुख्य बाजार से गढ़शंकर रोड पर करियाना की दुकान करने वाले नरेश कुमार ने 20 जनवरी को पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसने गूगल पर पतंजलि की डीलरशिप लेने के लिए सर्च किया।
गूगल में बताए नंबर पर उसने व्यक्ति से संपर्क किया और पूरी डिटेल ली। इस पर व्यक्ति से डीलरशिप लेने और प्रोडक्ट भेजने के नाम पर उसे लाखों की राशि अकाउंट में डालने को कहा गया। नरेश कुमार ने बताया कि व्यक्ति द्वारा भेजे गए अकाउंट में नवंबर और दिसंबर के दौरान उसने करीब 25 लाख रुपये उसके खाते में जमा करवा दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी ऑर्डर किया हुआ सामान उसके पास नहीं पहुंचा। जब उसने उक्त नंबर पर बात की तो वे दुकानदार को सामान देने के आज-कल सामान भेजने के बहाने लगाने लगा। इसके बाद दुकानदार नरेश कुमार ने पुलिस थाना हरोली में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई 18 दिन के करीब आरोपी को बिहार से पकड़ लिया। उन्हेें गिरफ्तार कर ऊना लाया गया है।
हरोली पुलिस ने गठित की विशेष टीम
आरोपियों को काबू करने के लिए हरोली पुलिस की विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस की टीम ने दो सप्ताह तक बिहार में डेरा डाले रखा। यहां पर जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजू और आरती को गिरफ्तार किया। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन का कहना है कि पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि मामले में कौन-कौन संलिप्त है और लाखों की राशि कहां गई, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने आरोपियों को चार दिन का पुलिस रिमांड भेजा है।