चालक पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर पाए दस्तावेज और परमिट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना हरोली के घालूवाल क्षेत्र में अवैध लकड़ी से लदी चार गाड़ियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। गाड़ियों के चालकों के पास लकड़ी के कोई दस्तावेज या परमिट नहीं थे। पुलिस ने बीएनएस और इंडियन फॉरेस्ट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय ऊना की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 4 जनवरी को सुबह पुलिस टीम एचसी संजीव कुमार के नेतृत्व में पंडोगा पुलिस चौकी के सहयोग से घालूवाल पुल पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान यातायात चेकिंग के दौरान चार महिंद्रा पिकअप गाड़ियों को रुकवाया गया।
जांच में गाड़ियों में लकड़ी का भंडार पाया गया, जबकि चालक किसी भी प्रकार के दस्तावेज या परमिट पेश नहीं कर सके। इस संबंध में गाड़ी नंबर एचपी 55 सी-3213 के चालक यशपाल पुत्र प्यारे लाल गांव पंजोड़ा, गाड़ी नंबर एचपी 67-7281 के चालक लाल चंद पुत्र केवल कृष्ण निवासी पनौह, गाड़ी नंबर एचपी 68ए-4800 के चालक हरप्रीत सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी भलोह तथा गाड़ी नंबर एचपी 72सी-9533 के चालक सुरेश कुमार पुत्र हरभजन सिंह निवासी बदौली तहसील व ज़िला ऊना के खिलाफ बीएनएस व इंडियन फारेस्ट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस चालकों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि लकड़ी कहां से लाई गई और कहां ले जाई जा रही थी। पुलिस हर पहलू की पूरी जांच कर रही है।