स्कूल प्रशासन गंभीर नहीं, भवन को पहुंच रहा नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
घनारी (ऊना)। गगरेट क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नकड़ोह के भवन के पास बहते नाले में जमा गंदगी और दुर्गंधयुक्त पानी समस्या बन गई है। बताया जा रहा है कि सड़कों और पुलों के निर्माण के दौरान नाले की उचित निकासी का प्रबंध नहीं किया गया, जिससे स्कूल के पीछे स्थित नाले में पानी ठहर गया है। इस वजह से स्कूल के कुछ कमरे छात्रों के बैठने के लिए सुरक्षित नहीं माने जा रहे हैं। नाले की दुर्गंध से स्कूल के कमरों में भी स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ गया है। न तो लोक निर्माण विभाग ने इस ओर ध्यान दिया, न ही स्कूल प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेकर संबंधित विभाग को पत्राचार किया। इससे यह स्पष्ट होता है कि स्कूल प्रशासन मूकदर्शक की भूमिका में है।
इस मामले में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन हरगोविंद से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मामला ध्यान में है और जो उचित कार्रवाई होगी, वह अमल में लाई जाएगी।
उधर, आमजन ने डीसी ऊना से इस समस्या का समाधान कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने की मांग की है।