निर्माण में जुटे सैकड़ों मजदूर, 51 करोड़ होंगे खर्च
अगले वर्ष तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
हरोली और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को होगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विधानसभा क्षेत्र हरोली की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक पंडोगा-त्यूड़ी पुल के चार पिलरों की नींव एकसाथ रखी जा रही है। तेज गति से चल रहे निर्माण कार्य को देख आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में खुशी है। पहले हर कोई यही अनुमान लगा रहा था कि बरसात के बाद ही निर्माण कार्य गति पकड़ेगा। जानकारी के अनुसार पंडोगा-त्यूड़ी पुल 560 मीटर लंबा होगा। इसके निर्माण पर लोक निर्माण विभाग 51 करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। बड़ी बात यह है कि पुल से हरोली और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में संपर्क कई गुना बेहतर हो पाएगा। पंडोगा और त्यूड़ी पंचायत निवासियों को इस पुल का सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, पंडोगा के साथ लगते ईसपुर, पंजावर, भदसाली, बढेड़ा राजपूतां और दूसरे छोर पर पनोह, घंडावल, बसाल, धुसाड़ा सहित पंचायतों सहित करीब 15 पंचायतों की आबादी भी इससे लाभान्वित होगी। वर्तमान में इस पुल के निर्माण में 100 के आसपास मजदूर जुटे हुए हैं। सारी मशीनरी और उपकरण स्वां नदीं के एक किनारे पर रखे गए हैं जिनकी मदद से दिन-रात निर्माण कार्य को पूरा किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने किया था पुल निर्माण का वादा
पिछले विधानसभा चुनाव से पहले हरोली क्षेत्र से विधायक और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने क्षेत्रवासियों से इस पुल के निर्माण को लेकर वादा किया था। हालांकि, इसके लिए बजट केंद्र सरकार की ओर से जारी किया गया है लेकिन इस परियोजना को सिरे चढ़ाने में मुकेश अग्निहोत्री की अहम भूमिका है। इस पुल के तैयार होने से होशियारपुर से बाबा बड़भाग सिंह, अंब क्षेत्र व कांगड़ा सहित अन्य जिलों के लिए 15 किलोमीटर तक दूर घटेगी। वहीं आसपास के गांवों को भी घालूवाल पुल से घूमकर स्वां नदी को पार नहीं करना पड़ेगा।
पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण कार्य डेढ़ से दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जा रहा है। फिलहाल नींव तैयार हो रही है। बरसात के मौसम में कुछ दिन कार्य प्रभावित रह सकता है। उसके बाद दोबारा तेजी के साथ पुल को तैयार करने में मजदूर जुट जाएंगे। ई. जीएस राणा, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी, ऊना।