पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि वर्तमान की कांग्रेस सरकार हिमाचल में अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जिन वायदों के साथ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्तासीन हुई। एक-एक करके हर वायदे से प्रदेश के मुख्यमंत्री यू-टर्न ले रहे हैं और पूरे देश में हिमाचल की छवि वर्तमान में खराब होकर रह गई है । उन्होंने कहा कि टैक्स पर टैक्स लगाकर आम जनता के ऊपर बोझ डाला जा रहा है।
एक लाख करोड़ के तकरीबन टैक्स के बोझ तले हिमाचल की जनता दब चुकी है और प्रदेश के मुख्यमंत्री 2032 तक आत्मनिर्भर हिमाचल बनाने की बात कर रहे हैं। लेकिन हिमाचल में संसाधनों में क्या वृद्धि हुई है। इस बात पर मुख्यमंत्री अपना विजन स्पष्ट करें। कहा कि भाजपा के कार्यकाल में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, वह भी वर्तमान में आगे नहीं बढ़ पाए हैं । लोक निर्माण-आईपीएच में काम करने वाले ठेकेदारों को 2 साल के बाद भी भुकतान नहीं हुआ है।
वर्तमान की सरकार का 2 साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है और मुख्यमंत्री व्यवस्था परिवर्तन की बात कर रहे हैं। लेकिन वर्तमान में समाज में हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से दुखी है। कर्मचारियों को देने के लिए तनख्वाह नहीं है। पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल रही है । उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया है कि क्या टैक्स के ऊपर टैक्स का बोझ लादकर कैसा आत्मनिर्भर हिमाचल बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांत कुमार के दौर में पानी की रॉयल्टी से संसाधन विकसित किए थे। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने कार्यकाल में इंडस्ट्री और पर्यटन की दिशा में विशेष पैकेज लाकर प्रदेश के लाखों बेरोजगारों को रोजगार मुहैया करवाया था।
लेकिन वर्तमान में प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस की सरकार अपने हर एक वायदे से मुकरी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के लिए शुरू की गई हिम केयर योजना बंद पड़ी है। वर्तमान में हिमाचल जिस गर्त की ओर जा रहा है। उसके ऊपर मुख्यमंत्री को चिंतन और मंथन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर बात कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की करे तो 2 साल के कार्यकाल में क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस के दो-दो विधायक दिए लेकिन कुछ भी नया काम नहीं हो पाया है । बिजली की दरों में बढ़ोतरी करके प्रदेश से उद्योग भी पलायन कर रहे हैं और कोई भी नया निवेशक प्रदेश में निवेश करने के लिए तैयार नहीं है।