संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। ऊना जिला स्थित प्रसिद्ध सिद्ध पीठ डेरा बाबा रुद्रानंद में पंच भीष्म व गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व अखिल भारतीय वॉलीबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर परिवार सहित डेरा पहुंचे और महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने विशेष भजन-सत्संग में भाग लिया और गुरु नानक देव जी के उपदेशों को मानवता, समानता व सेवा का प्रतीक बताया। कंवर ने बाबा रुद्रानंद महाराज जी की ओर से समाज हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि ऐसे आध्यात्मिक केंद्र समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और कहा कि पंच भीष्म व गुरु पर्व त्याग, श्रद्धा और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कीर्तन, भक्ति संगीत और लंगर सेवा में भाग लिया। डेरा प्रबंधन समिति ने वीरेंद्र कंवर व उनके परिवार का स्वागत किया। कार्यक्रम का समापन आशीर्वचन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।