लठियाणी (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के थानाकलां क्षेत्र में अवैध कटान के मामले सामने आने के बाद वन विभाग ने छापामारी अभियान तेज कर दिया है। वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकुश आनंद के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे खैर कटान कार्य के साथ ही डिपो की जांच की गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकुश आनंद ने सभी ठेकेदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अवैध कटान में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों को डिपो और कटान स्थलों पर नियमित निगरानी के आदेश दिए। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि कोई भी व्यक्ति वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता है तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। वहीं, उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण निगरानी में कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन वन संपदा की सुरक्षा के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।