ऊना। वन मंडल ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मैहतपुर क्षेत्र में एक आवासीय परिसर की तलाशी ली। यह तलाशी मंडल वन अधिकारी-सह-वन्यजीव वार्डन, ऊना द्वारा जारी वारंट पर हुई। यह वारंट वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत जारी किया गया था। आरओ ऊना अंकुश ठाकुर ने अपनी टीम सहित तलाशी के दौरान परिसर से वन्यजीव का छह किलोग्राम मांस बरामद किया। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने इस मांस को स्थानीय भाषा में साही नामक वन्यजीव का बताया।
बरामद मांस की वास्तविक प्रजाति की पुष्टि के लिए इसे पशु चिकित्सालय बरनोह भेजा गया है। वहां पशु चिकित्सा अधिकारी आवश्यक परीक्षण एवं वैज्ञानिक पहचान करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग को भी मौके पर सूचित किया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग साक्ष्यों, जब्त सामग्री और अन्य तथ्यों का दस्तावेजीकरण कर रहा है।
वन्यजीवों के शिकार पर कठोर कार्रवाई
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों का शिकार दंडनीय अपराध है। उनके अंगों और मांस का अवैध कब्जा भी अपराध की श्रेणी में आता है। वन्यजीव उत्पादों का अवैध व्यापार भी वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत दंडनीय है। ऐसे मामलों में दोष सिद्ध होने पर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है।
वन मंडलाधिकारी ऊना विकल्प यादव ने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, उनके अंगों अथवा मांस के अवैध संग्रह की सूचना विभाग को दें। वन्यजीव और जैव विविधता का संरक्षण केवल विभाग की ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।