शहर में दो स्थानों पर स्थापित की जाएंगी विशेष एलईडी स्क्रीन
सुविधा शुरू करने के लिए एमसी पार्क और पुराना तहसील चौक स्थान किए चिह्नित
आशुतोष डोगरा
ऊना। नगर परिषद की तरफ से शहर में पहली बार माता चिंतपूर्णी की लाइव आरती एलईडी स्क्रीन से दिखाई जाएगी। इसे लेकर नगर परिषद ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। इस सुविधा को शुरू करने के लिए नगर परिषद तीन लाख का बजट खर्च करेगी। शहर में दो स्थानों पर एलईडी स्क्रीन को लगाया जाएगा। एमसी पार्क ऊना और पुराना तहसील चौक दो स्थान चयनित किए हैं।
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी की लाइव आरती देखने की सुविधा अब शहरवासियों को मिलेगी। इसे लेकर नगर परिषद ने तीन लाख का बजट मंजूर कर लिया है। जिला मुख्यालय से माता चिंतपूर्णी शक्तिपीठ की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। ऐसे में शहरवासी माता की लाइव आरती का शुभ लाभ शहर में ही प्राप्त कर सकेंगे। नगर परिषद ने माता चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के साथ सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। माता के दरबार में सुबह-शाम दोनों समय विशेष आरती की जाती है। इस आरती में भाग लेने के लिए ऊना जिला के अलावा विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। अब शहरवासियों को माता की पावन पिंडी सहित लाइव आरती के दर्शन चिह्नित किए गए दो स्थानों पर हो सकेंगे। दोनों स्थान चंडीगढ़- धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही सटे हुए हैं। ऐसे में ऊना शहर से गुजरने वाले लोग भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
कोट्स
नगर परिषद की तरफ से पहली बार माता चिंतपूर्णी मंदिर की लाइव आरती शहर में एलईडी स्क्रीन से दिखाई जाएगी। इसके लिए दो स्थानों को चयनित कर लिया गया है। इस सुविधा के लिए करीब तीन लाख रुपये का बजट खर्च किया गया है।
ललित कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद ऊना ।