ऊना में मक्खी मच्छर के बचाव हेतु फॉगिंग मशीन छिड़काव करते हुए नगर निगम कर्मी।संवाद।
ऊना। बरसात के मौसम में डेंगू से बचाव के लिए नगर निगम ने शहर में फॉगिंग अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम की ओर से एहतियातन सभी वार्डों में फॉगिंग करवाई जाएगी ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके।
बरसात के दौरान जगह-जगह पानी जमा होने के कारण मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में डेंगू से बचाव के लिए नगर निगम ने समय रहते फॉगिंग करवाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां पानी जमा होने, नालियों और अन्य कारणों से मच्छरों की संख्या बढ़ने की आशंका रहती है। इसके लिए कर्मचारियों की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। वार्ड वार अभियान चलाकर संवेदनशील स्थानों को कवर किया जाएगा। बरसात के दौरान घरों के आसपास, खाली प्लॉटों, नालियों, गड्ढों और अन्य स्थानों पर पानी जमा हो जाता है। यही पानी मच्छरों के पनपने का कारण बन सकता है। ऐसे में नगर निगम की ओर से फॉगिंग के साथ लोगों से भी अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की जा रही है। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और कूलर, गमले, टायर, डिब्बे तथा अन्य सामान में पानी एकत्रित न होने दें। पानी की टंकियों को ढककर रखें और लंबे समय तक जमा पानी को तुरंत साफ करें।
नगर निगम की ओर से आने वाले दिनों में भी सभी वार्डों में फॉगिंग अभियान जारी रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में दोबारा फॉगिंग भी करवाई जाएगी ताकि बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
-पृथी पाल सिंह, आयुक्त नगर निगम ऊना