घनारी (ऊना)। तहसील घनारी के गांव संघनेई में सैलून में आग लगने से मालिक मनीष कुमार को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से दुकान में रखा सामान और 40 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।
विज्ञापन
मनीष कुमार ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब दुकान पहुंचे तो अंदर का सारा सामान जला हुआ था। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने पर गांव के उपप्रधान संदीप ने मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदार को हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। एसडीएम गगरेट सौमिल गौतम ने बताया कि मौके का आकलन करवाकर उचित कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं।