अग्निशमन विभाग ने आग पर पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्र के बनगढ़ में वार्ड 4 स्थित पोल्ट्री फार्म में शुक्रवार सुबह आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग से पोल्ट्री फार्म के ऊपर डाले शेड को नुकसान पहुंचा है। सभी मुर्गे-मुर्गियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। आग लगने के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है।
शुक्रवार सुबह बनगढ़ स्थित राणा पोल्ट्री फार्म में आग लग गई। इस दौरान पोल्ट्री फार्म के शेड के ऊपर डाली घास पूरी तरह से जल गई। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पोल्ट्री फार्म में रखे मुर्गियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इस घटना में करीब 50 हजार के नुकसान का आकलन किया गया है। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। अग्निशमन विभाग ने लोगों से इस मौसम में सतर्क रहने का आग्रह किया है।
स्टेशन फायर अधिकारी ऊना अशोक ठाकुर और सब फायर अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान आग पर काबू पाकर मुर्गों को सुरक्षित बचाया है।