ऊना। शहर में आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने के लिए प्रस्तावित फायर हाइड्रेंट योजना लंबे समय से लटकी हुई है। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर फायर हाइड्रेंट स्थापित करने की योजना तैयार की गई ताकि आग लगने की स्थिति में अग्निशमन विभाग को मौके पर ही पानी उपलब्ध हो सके। हालांकि योजना आगे नहीं बढ़ पाने से शहर में आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों पर ही निर्भरता बनी हुई है। ऊना शहर में बाजार, रिहायशी क्षेत्र और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बड़ी संख्या में हैं।
कई स्थानों पर सड़कें संकरी होने के कारण आगजनी की घटना के दौरान दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचाने में परेशानी होती है। ऐसे में फायर हाइड्रेंट की सुविधा काफी मददगार साबित हो सकती है। इनके स्थापित होने से अग्निशमन विभाग को पानी भरने के लिए बार-बार दूसरे स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। फायर हाइड्रेंट योजना लागू होने से आगजनी की घटनाओं के दौरान शुरुआती समय में ही आग पर काबू पाने में मदद मिल सकती है। खासकर बाजार और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है। फिलहाल योजना के लटके होने से शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की यह पहल अधूरी है। फायर हाइड्रेंट तक पानी पहुंचाने के लिए टैंक का निर्माण नहीं हो पा रहा है। इसके चलते कार्य अधूरा पड़ा है। इस पर कुछ स्थानीय लोगों ने अपने विचार इस प्रकार रखे।
बाजार की संकरी गलियों में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण दमकल वाहनों को अंदर तक पहुंचाना मुश्किल होता है। ऐसे में फायर हाइड्रेंट सुविधा शुरू होनी चाहिए।
-सौरव कुमार, स्थानीय निवासी
फायर हाइड्रेंट को लेकर संबंधित विभाग को जल्द कार्यवाही करनी चाहिए ताकि शहर को इस सुविधा से जोड़ा जा सके।
-सचिन शर्मा, स्थानीय निवासी
शहर में फायर हाइड्रेंट के लिए टैंक निर्माण का कार्य अधूरा है। इस समस्या को हल करने के लिए जल शक्ति विभाग कार्य कर रहा है।
-सुरेश कुमार, फायर स्टेशन अधिकारी, ऊना