ऊना। क्षेत्र के ऊना-संतोषगढ़ रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के कार्यालय में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। पेट्रोल पंप के कार्यालय में लगी आग की लपटें उठती देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि पेट्रोल पंप के कार्यालय में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
ऊना-संतोषगढ़ रोड पर स्थित पेट्रोल पंप के कार्यालय में शनिवार रात को साढ़े दस बजे के करीब अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पेट्रोल कार्यालय में आग इतनी भड़क गई कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। हालांकि लोगों ने पेट्रोल पंप के कार्यालय में लगी आग को बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस दौरान लोगों ने आग की घटना की सूचना अग्निशमन केंद्र में दी। इसके बाद ब्रिगेड कर्मी छापेराम, पवन कुमार, राकेश कुमार ने आग पर काबू पाया।
पेट्रोल पंप के कार्यालय में आग लगने से कंप्यूटर, कुर्सियां, प्रिंटर, टेबल, बिजली के तार और अलमारी सहित जरूरी दस्तावेज और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। अग्निशमन केंद्र प्रभारी नितिन धीमान का कहना है कि आग की घटना में पेट्रोल पंप मालिक राकेश कुमार को करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की टीम ने पेट्रोल पंप के कार्यालय में लगी आग को नियंत्रित किया। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप के कार्यालय में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अग्निशमन केंद्र प्रभारी नितिन धीमान ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को नियंत्रित कर पेट्रोल पंप में 14000 लीटर पेट्रोल, डीजल और स्कूटी, कार, तेल का टैंकर सहित करीब एक करोड़ की संपत्ति जलने से बचाई है।