चिंतपूर्णी (ऊना)। चिंतपूर्णी में एक ढाबे पर काम करने वाले 27 वर्षीय युवक संदीप की साथ लगते होटल की 5वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई।
घटना रविवार सुबह 6:30 बजे के करीब की बताई जा रही है। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि देहरा पुलिस को चिंतपूर्णी पुलिस के माध्यम से सूचना मिली कि एक युवक की होटल से गिरकर मौत हो गई है। देहरा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया था पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की पहचान संदीप कुमार गांव बठरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि ढाबा मालिक और होटल मालिक के बयान दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि युवक जब 5वीं मंजिल से गिरा तो साथ लगते एक होटल में ठहरे कुछ लोगों ने उसे देखा और शोर मचाया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई।
होटल के साथ खेत में काम कर रहे व्यक्ति ने भी हादसे को देखा। उसने इसकी जानकारी होटल मालिक को दी। उसने बताया कि पैर फिसलने के कारण युवक नीचे गिरा। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।