घायलों में एक युवक पीजीआई रेफर, अन्य का सिविल अस्पताल में इलाज जारी
दुकान की सामग्री तैयार करने समय अचानक पाइप खुला
आग की लपटें गली तक पहुंचीं तो स्थानीय लोगों से सहयोग से पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। नंगल की अड्डा मार्केट में स्थित सैनी चाट हाउस नामक दुकान के पिछले हिस्से में गैस सिलिंडर का पाइप खुलने से अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकान के दो कर्मचारियों, एक महिला सहित कुल चार लोग झुलस गए। इन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। घायलों में एक कर्मचारी की गंभीर हालत देखते हुए उसी पीजीआई रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार दुकान के कर्मचारी जब दुकान का सामान बनाने में लगे हुए थे तो अचानक गैस सिलिंडर का पाइप खुल गया। इससे अचानक भयानक आग लग गई। आग की लपटें गली तक पहुंची और मोहल्लावासियों ने इस आग पर काबू पाया। आग बुझाते एक महिला और एक युवक घायल हो गए। जबकि, दुकान के दो कर्मचारी भी बुरी तरह झुलस गए। फिलहाल सभी घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चला हुआ है। उधर, जब दुकान के मालिक नीरज सैनी से आग के कारणों के बारे में जानकारी ली गई तो बताया कि गैस सिलिंडर का पाइप पुराना होने से यह खुल गया। इससे आग लगी। नीरज ने माना कि अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो नुकसान अधिक हो सकता था। उन्होंने मोहल्ला निवासी एक महिला की ओर से एक सिलिंडर से दूसरे सिलिंडर में गैस पलटने के कारण आग लगने के आरोपों को नकारा है। कहा कि ऐसा कुछ नहीं था।
उधर, सिविल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डाॅक्टर रजनीश बैंस ने कहा कि आग की चपेट में आने से अस्पताल में चेतन, उसकी माता ममता, दुकान कर्मचारी शिवम व विक्की आए। सभी मरीजों का उपचार अस्पताल में किया गया। लेकिन, शिवम की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया है।
डीएसपी नंगल कुलवीर सिंह, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राहुल शर्मा और नायब तहसीलदार मनप्रीत सिंह ने भी मौके का जायजा लेकर मोहल्ला निवासियों और पीड़ितों के बयान दर्ज किए हैं। राहुल शर्मा ने कहा कि पुलिस जांच की जा रही है कि क्या सच में दुकानदार एक गैस सिलिंडर से दूसरे में गैस भर रहा था। अगर इस बात में सच्चाई पाई गई तो दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।