ऊना। जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के उद्देश्य से ‘योगदान एक पहल’ संस्था की ओर से शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना-2 में आर्थिक सहायता वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान 29 विद्यार्थियों को कुल 41600 रुपये की राशि प्रदान की गई। संस्था पिछले कई वर्षों से गरीब परिवारों की बेटियों की शिक्षा में सहयोग कर रही है और अब तक लाखों रुपये की सहायता वितरित कर चुकी है।
संस्था की ओर से 28 विद्यार्थियों को 1200-1200 रुपये दिए गए, जबकि एक विद्यार्थी को पढ़ाई के लिए 8000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की गई। संस्था की अध्यक्ष सुमन पुरी ने बताया कि सहायता प्राप्त करने वाली कई छात्राएं बेहद गरीब परिवारों से संबंध रखती हैं। इनमें ऐसी छात्राएं भी हैं, जिनके माता या पिता नहीं हैं। संस्था आर्थिक सहायता के अलावा जरूरतमंद छात्राओं को पाठ्य सामग्री, स्वेटर और जूते भी उपलब्ध करवा रही है, ताकि आर्थिक तंगी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल ने कहा कि संस्था की अध्यक्ष सुमन पुरी वर्ष 2015 से विद्यालय के साथ जुड़ी हुई हैं और लगातार जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद कर रही हैं।