गोंदपुर जयचंद में बीएम लेयर उखाड़ने का आरोप, रोहित सिंह समेत अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। गोंदपुर जयचंद में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने के मामले में ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस थाना टाहलीवाल में रोहित सिंह और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मैहतपुर निवासी ठेकेदार संजीव सिंह ने शिकायत में बताया कि उनकी फर्म को लोक निर्माण विभाग ने गोंदपुर बैली से बाथू गुरपला तक सड़क निर्माण का कार्य सौंपा है। सड़क किनारे डंगे बनाने और डब्ल्यूबीएम का काम पूरा हो चुका है, जबकि बीएम की पहली लेयर बिछाने का कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए अभी करीब छह माह का समय शेष है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 अक्तूबर को फेसबुक के एक पेज पर सड़क निर्माण से संबंधित वीडियो प्रसारित किया गया। आरोप है कि वीडियो में रोहित सिंह एक अन्य व्यक्ति के साथ सड़क पर बिछाई गई बीएम लेयर उखाड़ता दिखाई दे रहा है। ठेकेदार ने दावा किया कि वीडियो में निर्माण कार्य की स्थिति को भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे उनकी फर्म की प्रतिष्ठा प्रभावित होने के साथ निर्माण कार्य में लगी श्रमिकों और मशीनरी की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत और वीडियो का अवलोकन करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता और वीडियो में लगाए गए आरोपों के संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।