शुक्रवार शाम को हुई घटना, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत ललड़ी गांव में शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पहले पक्ष से शिकायतकर्ता राकेश कुमार निवासी ललड़ी ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह घर के बाहर मौजूद था। इस दौरान देवराज उर्फ सोनू निवासी नंगल कलां ने उसका रास्ता रोककर आरोप लगाया कि उसने उसके मामा को पीटा है। राकेश के इनकार करने के बावजूद देवराज ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दौलत राम निवासी नंगल कलां, यशपाल, देसराज, चमन लाल तथा गगन निवासी ललड़ी भी वहां आ गए और सभी ने मिलकर उसके साथ-साथ उसकी माता ज्ञानो देवी, मौसी चरणो देवी और भाई सुखदेव को भी पीटा। इस घटना में उन्हें चोटें आईं। वहीं, दूसरे पक्ष से शिकायतकर्ता दौलत राम निवासी नंगल कलां ने बताया कि शुक्रवार शाम को वह अपने भाई देवराज के साथ मामा देसराज के घर ललड़ी गया था। जब देवराज शौच करने जा रहा था तो सुखदेव, संजीव और राकेश तीनों पुत्र संतोख सिंह निवासी ललड़ी ने उसका रास्ता रोककर उससे मारपीट शुरू कर दी। दौलत राम के अनुसार जब वह, उसका मामा देसराज, चमन लाल और यशपाल उसे बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान राकेश, सुखदेव और संजीव की माता ज्ञानो देवी तथा मौसी चरणो देवी भी वहां पहुंचीं और उन्होंने भी उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।