जोल/ऊना। वन परिक्षेत्र खुरवाई के अधीन गांव कठोह के साथ लगते जंगलों में शनिवार को आग की चिंगारी भड़क गई। देखते-देखते कठोह और आसपास के जंगलों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे लाखों रुपये की वन संपदा राख हो गई।
वहीं, वन विभाग खुरवाई के रेंज ऑफिसर अश्वनी कुमार ने बताया कि कठोह के जंगलों में अचानक आग लग गई। इसमें स्थानीय विभाग के कर्मचारियों को जंगल में आग बुझाने के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासी अजय जस्वाल का पोल्ट्री फार्म भी आग की चपेट में आ गया था। इस पर वन विभाग के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों में पंकज ठाकुर, दिनेश कुमार, सुभाष चंद, विवेक, प्रिंस, राजीव, आदित्य व ओमप्रकाश के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी जंगलों में आग बुझाना काफी मुश्किल हो जाता है, फिर भी विभागीय टीम व स्थानीय लोग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। संवाद