टाहलीवाल (ऊना)। पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत बट्ट कलां में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिता और पुत्र घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा 17 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे हुआ। शिकायतकर्ता जनक राज (60) निवासी पटियाला ने बताया कि वह बट्ट कलां में अपने किराये के मकान के बाहर खड़ा था और किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बाथड़ी की ओर से एक बाइक टाहलीवाल की तरफ आ रही थी।
इसी बीच टाहलीवाल की ओर से एक पिकअप वाहन तेज रफ्तार में आया और सड़क की सफेद रेखा पार करते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर गए। हादसे में पीछे बैठे व्यक्ति त्रिलोक नाथ की टांग में गंभीर चोट आई, जिसे तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार हादसा तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण हुआ। घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न होने के कारण दृश्यता भी कम थी। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही।