आर्थिक स्थिति सुधरेगी, युवाओं को मिलेगा रोजगार
कृषि मंत्री ने हिमाचल दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
एमसी मार्च ऊना में शहीद स्मारक में माल्यार्पण कर अमर बलिदानियों को किया नमन
ऊना स्कूल मैदान में फहराया राष्ट्रीय ध्वज, जिलावासियों को दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी परोक्ष या अपरोक्ष रूप से कृषि क्षेत्र से जुड़ी है। इसके दृष्टिगत सरकार ने कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं। ऊना में लगभग 20 करोड़ की लागत से आलू प्रोसेसिंग प्लांट लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने बजट भाषण में इस संदर्भ में घोषणा की है। प्रो. चंद्र कुमार ने हिमाचल दिवस पर ऊना में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इससे पहले कृषि मंत्री ने एमसी पार्क ऊना में स्थित शहीद स्मारक में माल्यार्पण कर अमर बलिदानियों को नमन किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरांत जिला वासियों को संबोधित किया। इस दौरान विकासात्मक योजनाओं पर झांकियां निकाली गईं तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। उन्होंने कहा कि ऊना में आलू की अच्छी पैदावार होती है और यहां का आलू देशभर में प्रसिद्ध है। यहां आलू प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना से स्थानीय किसानों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के आलू उत्पादकों को भी सीधा लाभ होगा। प्लांट में आलू के विविध उत्पाद, ग्लूकोज, चिप्स सहित अन्य प्रोडक्ट तैयार किए जाएंगे। इससे न केवल स्थानीय कृषि क्षेत्र को एक नया आयाम मिलेगा बल्कि किसानों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्राकृतिक खेती का गेहूं 60 और मक्की 40 रुपये प्रति किलो की एमएसपी पर सरकार खरीदेगी। दूध खरीद पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देने वाला देश का एकमात्र राज्य हिमाचल है। गोबर खरीद योजना से पशुपालकों को लाभ मिलेगा। किसानों के उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाने और पारदर्शी विपणन के लिए सभी मंडियों को ऑनलाइन सेवा से जोड़ा गया है। किसानों के हित सरकार के लिए सर्वोपरि है और उनसे किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बुजुर्गों को घर द्वार पर चिकित्सीय सुविधा प्रदान की जा रही है।
बाक्स
कर्मवीरों का सम्मान
इस मौके पर कृषि मंत्री ने समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली संस्थाओं, प्रेरणादायी व्यक्तित्वों और विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने गरीबों, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में असाधारण योगदान के लिए सनराइज़ एजुकेशन सोसायटी ऊना को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। संस्था की ओर से सचिव महेंद्र पाल डोगरा ने यह प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया।
यह रहे उपस्थित
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, हिमाचल प्रदेश एससी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, एसडीएम ऊना विश्वमोहन देव चौहान सहित अन्य अधिकारी, स्कूलों के बच्चे, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ऊना शहरवासी उपस्थित रहे।