बडूही (ऊना)। क्षेत्र की टकारला सब्जी मंडी के समीप कृषि विभाग कार्यालय के सामने बुधवार को किसानों ने गेहूं की फसल का बकाया भुगतान न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।
आक्रोशित किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए 15 दिन के भीतर भुगतान जारी करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में उनकी फसल का भुगतान नहीं हुआ तो वे ट्रैक्टरों के साथ सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे । किसान नेता संदीप ठाकुर ने बताया कि किसानों ने अप्रैल माह में अपनी गेहूं की फसल सरकार को बेची थी लेकिन चार महीने बीत जाने के बावजूद उनके खातों में भुगतान नहीं पहुंचा है।