नंदपुर (ऊना)। विकास खंड अंब के किसानों ने कृषि विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए गेहूं की फसल की अदायगी जल्द करवाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने लगभग तीन महीने पहले विभाग के माध्यम से अपनी फसल जमा करवाई थी लेकिन अब तक उन्हें उसका भुगतान नहीं किया गया है। इससे पहले विभाग द्वारा समय पर गेहूं की खरीद और अदायगी की जाती रही है।
इस बार प्रदेश सरकार की लापरवाही के चलते किसानों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। बिना पैसे के न तो अगली फसल की बुआई के लिए बीज-खाद खरीदी जा पा रही है और न ही घर खर्च चल पा रहा है। किसानों ने कृषि अधिकारी अंब को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि आगामी एक सप्ताह में भुगतान नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। इस अवसर पर संदीप ठाकुर, अश्वनी कुमार, हजारी लाल, राम पाल, मनोज लठ, पंकज कुमार और नरेंद्र कुमार सहित कई किसान मौजूद थे।
किसानों की मांग है कि तत्काल गेहूं की फसल की अदायगी सुनिश्चित की जाए। आगामी फसल के लिए बीज और खाद की व्यवस्था की जाए। प्रदेश सरकार इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करे। किसानों की समस्याओं की शीघ्र समाधान किया जाए।