बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंता हर मंदिर लखरूंह में रविवार को हवन-यज्ञ एवं झंडा रस्म के साथ 45वां वार्षिक भंडारा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र सहित दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत हवन-यज्ञ से हुआ, जिसमें विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुति दिलवाई। श्रद्धालुओं ने हवन में भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
इसके बाद महिला संकीर्तन मंडली ने लगातार तीन घंटे तक भगवान भोलेनाथ का गुणगान किया। आयोजकमदन राणा और राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए पहाड़ी धाम की व्यवस्था की गई थी। संवाद