थानाकलां (ऊना)। तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बंगाणा को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से मान्यता मिलने के बावजूद विद्यालय में छात्र संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो पाई है। उल्टा इस वर्ष नामांकन में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शिक्षा विभाग की उम्मीदों को झटका लगा है।
जानकारी के अनुसार गत वर्ष विद्यालय में कुल 494 छात्र अध्ययनरत थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या घटकर 487 रह गई है। यानी सीबीएसई मान्यता मिलने के बावजूद छात्र संख्या में वृद्धि के बजाय कमी देखी गई है।
स्थानीय स्तर पर अभिभावकों का रुझान अब भी केंद्रीय विद्यालयों की ओर अधिक बना हुआ है। बेहतर सुविधाएं और शिक्षण गुणवत्ता को लेकर बनी धारणा के कारण अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला वहां कराने को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिसका सीधा असर सरकारी स्कूल के नामांकन पर पड़ रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार का कहना है कि अभी प्रवेश प्रक्रिया जारी है और आने वाले समय में छात्र संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि स्कूल में शैक्षणिक स्तर को सुधारने और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी यहां पढ़ाई के लिए आकर्षित हों।
वहीं, बंगाणा क्षेत्र में निजी स्कूलों की स्थिति भी बहुत उत्साहजनक नहीं है। निजी स्कूलों की संख्या में भले ही वृद्धि नहीं हुई है लेकिन वहां पढ़ने वाले छात्रों की संख्या भी लगभग पिछले वर्ष के बराबर ही बनी हुई है।
ऐसे में स्पष्ट है कि क्षेत्र में शिक्षा के प्रति रुझान तो स्थिर है लेकिन सरकारी स्कूलों को प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए अभी और ठोस प्रयास करने की जरूरत है।