भाजपा मंडल ने डीसी के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन
भाजपा विधायक बोले- रिलीफ मैन्युअल की भी जल्द करें घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाजपा मंडल ऊना ने जेजों खड्ड बाढ़ में जान गंवाने वाले परिवारों के आश्रितों को फौरी राहत प्रदान करने की मांग की है। शुक्रवार को विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में भाजपा के पदाधिकारियों ने मौन रखकर हादसे के मृतकों की आत्मिक शांति की भगवान से प्रार्थना की।
वहीं, डीसी ऊना जतिन लाल के माध्यम से सीएम को ज्ञापन पत्र भेजा गया। बताया कि 11 अगस्त 2024 को जिला और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के चलते भारी नुकसान हुआ। इसी दौरान ऊना विधानसभा क्षेत्र के लोअर देहलां और भटोली के चार परिवारों के 11 सदस्य शादी समारोह में भाग लेने जाते हुए भारी बाढ़ की चपेट में आकर जेजों खड्ड में जान से हाथ धो बैठे थे। पीड़ित परिवारों के पास सांत्वना जताने के लिए खुद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारी भी वहां गए, लेकिन इस घटना के 12 दिन बीत जाने के बाद सरकार के किसी प्रतिनिधि या किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने इन पीड़ित परिवारों को फौरी राहत के रूप में कोई आर्थिक सहायता नहीं दी। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर एवं हमीरपुर लोक सभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भी शोक संतप्त परिवारों के साथ दुख साझा किया। अब इस घटना को हुए दो हफ्ते होने को आए हैं।
उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि इस ज्ञापन के बाद सरकारी तंत्र को पीड़ित परिवारों की असल मायनों में आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश जारी करेंगे, ताकि जिन्दा बचे परिवार के सदस्यों को सरकार की ओर से सहारा मिल सके। उन्होंने आशा जाहिर की है कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों को फौरी राहत प्रदान करने के साथ-साथ ऐसी घटनाओं में जान गंवाने वाले मृतकों के आश्रितों को सरकार की तरफ से दिए जाने वाले रिलीफ मैन्युअल की भी जल्द घोषणा करेगी।