चुरुडू में हुई योजना के प्रभावशाली कॉन्सेप्ट सीडिंग पर बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। विकास खंड अंब के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संकुल स्तरीय संगठन संजीवनी ने ग्राम चुरुडू में बैठक का आयोजन किया। बैठक में गांव सतत समृद्धि योजना को लेकर कॉन्सेप्ट सीडिंग पर विशेष चर्चा हुई। बैठक में विकास खंड अंब से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबंधक अमित कुमार और जिला ऊना से क्षेत्रीय समन्वयक सुखदेव ने सहभागिता की और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को इसके महत्व, उद्देश्य और ग्रामीण योजनाओं के समन्वय की बारीकियों से अवगत कराया।
इस सशक्त कार्यक्रम में संजीवनी के पदाधिकारी, विभिन्न उप-समिति सदस्य और अन्य सक्रिय कैडर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बताया गया कि किस प्रकार संजीवनी के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर वास्तविक आवश्यकताओं की पहचान कर उन्हें जिला योजना में सम्मिलित कर ग्राम विकास में आम जन की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने संजीवनी को ग्राम स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। इस पहल को ग्रामीण विकास की दिशा में एक ठोस और जन-केंद्रित कदम माना जा रहा है।