दौलतपुर चौक–कटौली रेल लाइन पर दौड़ता इंजन। संवाद
दौलतपुर चौक से मरवाड़ी तक इंजन दौड़ाकर लाइन की तकनीकी जांच की
पंजाब के कटौली तक नई रेल लाइन का निर्माण युद्ध स्तर पर
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक–कटौली रेललाइन पर मंगलवार को रेलवे की ओर से महत्वपूर्ण ट्रैक टेस्टिंग की गई। इस दौरान दौलतपुर चौक से मरवाड़ी तक इंजन दौड़ाकर लाइन की तकनीकी जांच की गई। टेस्ट रन के सफल रहने से क्षेत्रवासियों में रेलवे परियोजना के जल्द पूरा होने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
भारतीय रेलवे वर्तमान में दौलतपुर चौक से पंजाब के कटौली तक नई रेल लाइन का निर्माण युद्ध स्तर पर कर रही है। रेलवे का उद्देश्य इस महत्वाकांक्षी परियोजना को यथाशीघ्र पूरा कर रेल परिचालन शुरू करना है। अधिकारियों के अनुसार इंजन ट्रायल के माध्यम से ट्रैक की मजबूती, लेवलिंग और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। आगामी चरणों में आवश्यक तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद और टेस्टिंग एवं निरीक्षण किए जाएंगे। इस नई रेललाइन के पंजाब से जुड़ने से दौलतपुर चौक और आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। जहां एक ओर यातायात सुविधाओं में सुधार होगा, वहीं व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने रेलवे की ओर से किए जा रहे कार्य की सराहना की और जल्द रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई।