ऊना। शहर में एनएच के बीच खाली जगह पर लगाई गई लोहे की रेलिंग को लेकर मंगलवार को उपायुक्त जतिन लाल ने अहम निर्देश जारी किए गए हैं। इन निर्देशों के तहत सुड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा के लिए सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए रेलिंग के बीच खाली जगह छोड़ी जाएगी। रेलिंग के बीच खाली जगह छोड़ने के लिए पांच सदस्य कमेटी का गठन किया गया है। लोगों की समस्या को लेकर बीते दिनों अमर उजाला ने यह मामला उठाया था। इस पर अब प्रशासन ने राहत प्रदान करते हुए निर्देश दिए हैं।
शहर में लोगों को राहत देने के लिए एनएच के बीच लगाई गई रेलिंग में लोगों की सुविधा के लिए खाली जगह छोड़ी जाएगी। इसके अलावा उपायुक्त ने जिले के प्रमुख बाजारों में घोषित नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश देते हुए एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सैनिक कैंटीन क्षेत्र में घोषित नो-पार्किंग एवं नो-वेंडिंग जोन में किसी भी प्रकार की रेहड़ी लगाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई वहां सब्जी की दुकान स्थापित करना चाहता है तो उसे नगर निकाय से विधिवत अनुमति लेकर पक्की दुकान बनानी होगी। साथ ही बड़ूही चौक में निर्धारित गति सीमा दर्शाने के लिए बड़ा सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालु और अन्य वाहन चालक तय गति सीमा का पालन करें। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रवेश मार्ग पर सड़क धंसने के कारणों को लेकर होशियारपुर प्रशासन के साथ बैठक आयोजित करने और मरवाड़ी स्थित आशा देवी स्थान पर भी आवश्यक सूचना बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए।
कमेटी में शामिल किए ये अधिकारी
रेलिंग के बीच खाली जगह छोड़ने के लिए पांच सदस्य कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें एसडीएम ऊना, डीएसपी ऊना, संयुक्त आयुक्त नगर निगम, अधिशाषी अभियंता और एसडीओ एनएच को शामिल किया गया है। यह कमेटी आगामी दिनों में प्रशासन को इससे संबंधित रिपोर्ट सौंपेगी।
एनएच के बीच लगी रेलिंग में पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए खाली जगह छोड़ी जाएगी। इसे लेकर कमेटी का गठन किया गया है। जल्द ही स्थान चयनित कर इसकी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
-अभिषेक मित्तल, उपमंडलाधिकारी ऊना