टाहलीवाल (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के सिंगा गांव स्थित निजी उद्योग में कार्यरत 35 मजदूरों ने वीरवार को तीन माह से लंबित वेतन की मांग को लेकर उद्योग के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया।
मजदूरों ने कहा कि नियमित वेतन न मिलने के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने उद्योग प्रबंधकों पर पीएफ और ईएसआई न देने का आरोप भी लगाया। मजदूरों ने बताया कि उद्योग किसी भी समस्या के समय उनके साथ खड़ा नहीं होता और कई को बिना वेतन के नौकरी से निकाल दिया गया है।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला इंटक अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने किया। उन्होंने कहा कि मजदूर अपने हक के लिए एकजुट हैं और शोषण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में अफरोज खान, करण, धीरज, कुलदीप, दिनेश, रणविजय, बिट्टू यादव, नंदलाल, अंकित, वरुण, गुरदयाल, अजय, गौतम, अखिलेश, राम संजय प्रसाद, जतिंदर राय, लाल बाबू, ओम प्रकाश, रामू, मुन्ना, रोशन, उपेंद्र सिंह और बृजेश सहित सभी मजदूर मौजूद रहे। उद्योग के मालिक राजेश गुप्ता ने मामले पर कहा कि किसी कारणवश मजदूरों को समय पर वेतन नहीं दिया जा सका, लेकिन जल्द ही सभी का बकाया वेतन चुका दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थिति को जल्द सामान्य किया जाएगा।
इस मामले पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने कहा कि उनके पास अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। अगर लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो इसे प्राथमिकता से निपटाया जाएगा। संवाद