अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी जल्द होगी डेंगू की पुष्टि, मरीजों को नहीं करनी पड़ेगी भागदौड़
संवाद न्यूज एजेंसीऊना। जिले में डेंगू की जांच व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अहम पहल शुरू की है। अब जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य खंड में एलिसा टेस्ट मशीनें स्थापित की जाएंगी। इससे डेंगू की पुष्टि में लगने वाला समय कम होगा और मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
वर्तमान में डेंगू की पुष्टि के लिए एलिसा टेस्ट की सुविधा केवल क्षेत्रीय अस्पताल ऊना और नागरिक अस्पताल अंब में उपलब्ध है। इसके चलते अन्य क्षेत्रों से आने वाले सैंपलों की रिपोर्ट आने में देरी होती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद संबंधित स्वास्थ्य खंडों में ही जांच संभव हो पाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने बरसात के मौसम को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। मशीनों की स्थापना के साथ आवश्यक तकनीकी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और स्टाफ को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। विभाग का मानना है कि डेंगू की समय पर जांच और पुष्टि से मरीजों का उपचार जल्दी शुरू किया जा सकेगा और गंभीर स्थिति से बचाव होगा।
नई सुविधा शुरू होने से क्षेत्रीय अस्पताल पर बढ़ने वाला दबाव भी कम होगा। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें जांच के लिए दूर अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए साफ-सफाई बनाए रखने और घरों के आसपास पानी जमा न होने देने की अपील भी की है।
कोट:
सभी स्वास्थ्य खंडों में एलिसा टेस्ट की सुविधा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जांच सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी और समय पर उपचार शुरू हो सकेगा।
— डॉ. विशाल ठाकुर, जिला निगरानी अधिकारी (डेंगू)