जिला अस्पताल ऊना में नाइट ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक ने आरोप लगाया है कि मरीज के तीमारदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया है। हालांकि, मामले को अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों की मदद से शांत करवा दिया गया।
चिकित्सक ने भी मामले की शिकायत पुलिस और प्रशासन के पास नहीं की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक के साथ मरीज के साथ आए एक तीमारदार ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। तीमारदार अपने प्रभावशाली होने का रौब चिकित्सक पर झाड़ने लगा। मामला गर्माता देख अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तीमारदार को सबक सिखाया।
मामले को लेकर चिकित्सक ने पुलिस और प्रशासन के पास किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं की है। अस्पताल में आए दिन तीमारदार चिकित्सकों के साथ बदतमीजी से पेश आते हैं, जिससे चिकित्सकों और स्टाफ को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि इस संबंध में उनके पास कोई भी शिकायत नहीं आई है। यदि शिकायत आती है तो मामले की जांच की जाएगी।