गगरेट क्षेत्र के तहत जाडला कोइड़ी में शुक्रवार रात बिजली बोर्ड की विद्युत लाइन टूट कर एक घर की छत पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर घर में रह रहे सभी लोगों को बाहर सुरक्षित निकाला। इसके बाद उन्होंने पूरी रात पड़ोसियों के घरों में बिताई।
शनिवार को बाद दोपहर मौके पर पहुंचे बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने टूटी हुई लाइन को जोड़ कर सप्लाई सुचारु की। इसके बाद ही प्रभावित परिवार वापस अपने मकान में पहुंच सका। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात आए तूफान के कारण बिजली बोर्ड की तार टूट कर जाडला कोइड़ी निवासी स्वर्णा देवी के घर पर जा गिरी। इसी दौरान गांव में ही एक विवाह समारोह से लौट रहे लोगों ने इसके बारे में स्वर्णा देवी और उसके परिजनों को बताया और उन्हें सुरक्षित घर से बाहर निकाला। स्वर्णा देवी ने बताया कि बिजली की उक्त लाइनों को उनके घर के ऊपर से हटाने के लिए कई बार बिजली बोर्ड को लिखित प्रार्थना की गई।
वहीं, बोर्ड के जेई और एसडीओ भी मौका देख चुके हैं। लेकिन, अभी तक किसी ने भी उक्त लाइन को हटाने की जहमत नहीं उठाई है। इससे उनके परिवार पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने बताया कि मकान की छत से महज दो से तीन फुट ऊपर गुजर रही तार उनके लिए बड़ा खतरा बनी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले में हस्तक्षेप करते हुए उनके परिवार को सुरक्षित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ एमएल लट्ठ ने बताया कि सूचना के बाद कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर तारों को ठीक कर दिया है। पंचायत प्रधान जीवन कंग ने बताया कि घटना में परिवार के लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।